जबलपुर। इंदिरा मार्केट चौराहे पर आज 28 मई को खुली जेल द्वारा संचालित अनोखी कैंटीन का शुभारंभ किया गया। इस कैंटीन का उद्देश्य बंदियों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस कैंटीन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां मिलने वाले समोसे, कचौरी, नमकीन सहित विभिन्न स्नैक्स खुली जेल के बंदियों द्वारा तैयार किए जाते हैं। स्वादिष्ट और किफायती खाद्य सामग्री लोगों को आकर्षित कर रही है।
खुली जेल प्रशासन के अनुसार इस पहल के माध्यम से बंदियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में सम्मानजनक जीवन जी सकें। कैंटीन से प्राप्त आय का एक हिस्सा बंदियों के कल्याण कोष में भी जमा किया जाएगा, जिससे उनके पुनर्वास कार्यों में सहायता मिल सके।
कैंटीन परिसर में “बंदी पुनर्वास की ओर बढ़ते कदम” का संदेश भी लगाया गया है, जो समाज सुधार और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।
ऐसे प्रयास बंदियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें नई दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को भी ऐसे सकारात्मक प्रयासों का समर्थन करना चाहिए, ताकि बंदी सजा पूरी करने के बाद सामान्य जीवन में बेहतर तरीके से वापसी कर सकें।
स्थानीय लोगों ने भी इस नई पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है साथ एक सामाजिक संदेश भी देते हैं। यह कैंटीन न केवल स्वाद का केंद्र बनेगी, बल्कि समाज सुधार की दिशा में भी एक प्रेरणादायक पहल साबित होगी।