akhbaar update

आत्महत्या के लिए उकसाने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज



कटंगी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने एक महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मृतक के परिजनों के बयान और मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 6 मई को पंचवटी वार्ड नंबर 5, भेड़ाघाट रोड कटंगी निवासी 28 वर्षीय शिवम श्रीवास्तव ने सूचना दी थी कि उसके पिता शिवकुमार श्रीवास्तव नगर परिषद कटंगी में एलडीसी के पद पर कार्यरत थे। 5 मई की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे।

अगली सुबह जब काफी देर तक शिवकुमार श्रीवास्तव कमरे से बाहर नहीं आए तो परिवार को चिंता हुई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर शिवकुमार फांसी के फंदे पर लटके दिखाई दिए। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से शिवकुमार की पहचान मंडला जिले के बीजाडांडी निवासी रेखा सक्सेना से थी और दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी। परिजनों का आरोप है कि महिला बार-बार शिवकुमार पर परिवार छोड़ने और अपना मकान बेचकर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी।

परिजनों ने यह भी बताया कि 21 अप्रैल  को शिवकुमार की बेटी की शादी थी, जिसमें शामिल होने पर महिला ने बदनाम करने और हंगामा करने की धमकी दी थी। आरोप है कि महिला लगातार शिवकुमार को अपमानित करती थी और कई बार आत्महत्या करने तक के लिए उकसाती थी।

मृतक के बेटे ने पुलिस को दो मोबाइल फोन भी सौंपे, जिनमें कॉल रिकॉर्डिंग मिली। पुलिस के मुताबिक रिकॉर्डिंग में महिला द्वारा शिवकुमार को गाली-गलौज करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित करना और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी बातें सामने आई हैं।

पुलिस का कहना है कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते शिवकुमार अवसाद में रहने लगे थे। इसी तनाव में उन्होंने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कटंगी पुलिस ने बीजाडांडी निवासी रेखा सक्सेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update