जबलपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 320 पाव देशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 24 हजार 320 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को अवैध मादक पदार्थ एवं शराब कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक कैंट उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में कैंट थाना पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटेल ने बताया कि 26 मई की रात सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मेहंदीबाग के पीछे खंडहर के पास भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलीप कुकरेजा उम्र 48 वर्ष निवासी गलगला बेलबाग बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास रखे 7 कार्टून में कुल 320 पाव देशी शराब बरामद हुई। इनमें 6 कार्टून में 300 पाव और 1 कार्टून में 20 पाव शराब रखी मिली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।