नरसिंहपुर - रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई-हावड़ा डाउन मेल में सफर कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री की पहचान रमेश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय रमेश मुंबई से कोडरमा जंक्शन जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई और वे बार-बार बेहोश होने लगे। रेलवे अधिकारियों को सूचना मिली कि यात्री चिकन पॉक्स से पीड़ित है। इसके बाद ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचते ही तुरंत मेडिकल सहायता दी गई।
स्टेशन पर मौजूद रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने यात्री की जांच कर प्राथमिक उपचार दिया। दवाइयां देने के बाद यात्री की हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद उन्हें आगे यात्रा की अनुमति दे दी गई।
डॉक्टर के अनुसार, अत्यधिक गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण यात्री की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। उन्होंने बताया कि चिकन पॉक्स एक संक्रामक बीमारी है, जो तेजी से फैल सकती है।
रेलवे डॉक्टर ने यात्रियों से अपील की है कि बीमारी की हालत में यात्रा करने से बचें और डॉक्टर की सलाह लेने के बाद ही सफर करें, ताकि अन्य यात्रियों को संक्रमण का खतरा न हो।