जबलपुर - कटंगी थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उड़ना गांव के एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर आरोपियों ने पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान उड़ना गांव निवासी 26 वर्षीय राजा सिंह लोधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजा सिंह का राजघाट पौड़ी निवासी सोनू नामक युवक से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
घायल युवक के पिता सूरज सिंह लोधी ने पुलिस को बताया कि आरोपी सोनू पिछले दो दिनों से उनके घर आकर राजा को जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोप है कि बीते दिन सोनू ने पैसों के समझौते के बहाने राजा को गांव के बाहर बुलाया। जैसे ही राजा वहां पहुंचा, पहले से मौजूद 5-6 लोगों ने उसे घेर लिया और जबरन वाहन में बैठाकर राजघाट पौड़ी की ओर ले गए।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने युवक को सुनसान जगह पर बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद मुख्य आरोपी ने पिस्तौल से गोली चला दी, जिससे राजा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कटंगी थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने बताया कि पैसों के विवाद को लेकर मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर मुख्य आरोपी सोनू और उसके 5-6 साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं।