जबलपुर - रांझी थाना क्षेत्र स्थित अन्ना बाबा मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब 75 वर्षीय वृद्ध महिला पुष्पा शर्मा का शव घर के पास बने कुएं में मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और विरोध करने पर महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार पुष्पा शर्मा घर में अकेली रहती थीं। उनके दोनों बेटे खेती-बाड़ी के काम से होशंगाबाद गए हुए थे। रोजाना की तरह शाम को खाना बनाने आने वाली महिला जब घर पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को सूचना दी। आसपास तलाश करने पर घर के पास स्थित कुएं में वृद्ध महिला का शव दिखाई दिया।
घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घर का सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे की अलमारी खुली थी और अन्य सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था।
मौके की स्थिति को देखकर पुलिस चोरी की नीयत से वारदात किए जाने की आशंका जता रही है। घर में संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जिससे माना जा रहा है कि महिला ने बदमाशों का विरोध किया होगा।
पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।