जबलपुर - चरगवां थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बरखेड़ा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बरखेड़ा निवासी विकास झारिया (30) ने बीती रात अपने कमरे में फांसी लगा ली। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार के लोग कमरे में पहुंचे। वहां विकास फांसी के फंदे पर लटका मिला।
पत्नी मायके जाने के बाद तनाव में था युवक
जानकारी के मुताबिक विकास की शादी करीब सात महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से विकास मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिजनों के अनुसार बीती रात वह घर आया और बिना किसी से बात किए अपने कमरे में चला गया। देर रात उसने यह कदम उठा लिया।
गांव में जुटी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।