जबलपुर -लार्डगंज थाना क्षेत्र में घर के सामने खड़े युवक-युवती से विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित निशांत अहिरवार (28) ने बताया कि 2 मई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे एक युवक और युवती स्कूटी (MP20XA9276) से उसके घर के पास खड़े थे और आपत्तिजनक हरकत कर रहे थे। उसने उन्हें वहां से हटने को कहा, तो युवक ने विवाद करते हुए धक्का दिया और धमकी देकर चला गया।
कुछ देर बाद रात करीब 7:40 बजे वही युवक अपने अन्य साथियों के साथ डंडे और ईंट लेकर वापस आया। सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने घर के मुख्य गेट पर हमला कर दिया और कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए।
आरोप है कि हमलावरों ने पोर्च में रखे गमले तोड़ दिए और हॉल के जालीदार दरवाजे व खिड़कियों के कांच भी ईंट और डंडों से तोड़ दिए। इतना ही नहीं, वे घर के अंदर घुसकर सामान फेंकने लगे। जान का खतरा देखकर पीड़ित दूसरे कमरे में छिप गया।
परिजनों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।