कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी बायपास मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंसौरा ग्राम पंचायत के पास एक निजी यात्री बस और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बस में सवार 50 से अधिक यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार निजी ट्रेवल्स की बस महाराष्ट्र के पुणे से उत्तर प्रदेश के गोंडा जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे जब बस कटनी बायपास से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। तेज धमाके की आवाज सुनते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री घबराकर बाहर निकलने लगे।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और पंसौरा पंचायत के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। बस की हालत देखकर बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को सड़क से हटवाया। इसके बाद बायपास मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था भी करवाई। साथ ही उन्हें गोंडा भेजने के लिए दूसरी बस का इंतजाम किया गया।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।