akhbaar update

जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू

 




जबलपुर: गोरखपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति और ससुर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी वर्ष 2017 में आजाद हुसैन से हुई थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। महिला ने बताया कि 11 मई की शाम उसने अपनी मां को फोन कर बताया था कि पति कई दिनों से राशन और सब्जी नहीं ला रहे हैं, जिससे घर में खाने की परेशानी हो रही है।

रात करीब 10:15 बजे महिला का भाई आमिर अंसारी, भाभी अमरीन बेगम और मां नाजरा बेगम उसके घर पहुंचे और ससुराल पक्ष को समझाने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति आजाद हुसैन गाली-गलौज करने लगा, जबकि ससुर सज्जाद हुसैन घर के अंदर से तलवार जैसी वस्तु लेकर आए और हमला कर दिया। हमले में आमिर अंसारी के सिर में चोट आई।

महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर भाई के हाथ में भी चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी और मां के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। बाद में बड़ा भाई निजामुद्दीन अंसारी अपने दोस्त मुकित खान के साथ मौके पर पहुंचा और घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update