जबलपुर: बरगी नगर चौकी क्षेत्र में रानी अवंती बाई जल विद्युत गृह के एक सुरक्षा कर्मी से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार साईं मोहल्ला गोरखपुर निवासी 61 वर्षीय मनोज कुमार कटारिया रानी अवंती बाई जल विद्युत गृह बरगीनगर में वरिष्ठ सुरक्षा सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मई की शाम 4 बजे से 11 मई की सुबह 8 बजे तक उनकी ड्यूटी मुख्य गेट पर थी। गेट पर बिना अनुमति प्रवेश निषेध का बोर्ड भी लगा हुआ है।
शिकायत में बताया गया कि 10 मई की शाम करीब 5:20 बजे ग्राम बिजौरा निवासी जम्मन बर्मन अपनी पत्नी पुष्पा बर्मन और एक अन्य व्यक्ति के साथ गेट के पास पहुंचे और वहां पाइप खींचकर नहाने लगे। सुरक्षा कर्मी ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जम्मन बर्मन और उसकी पत्नी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने पत्थर उठाकर हमला कर दिया।
आरोपियों पर यह भी आरोप है कि पुष्पा बर्मन गेट के अंदर घुस गई और सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी। इस दौरान वर्दी का एक बटन भी टूट गया। कुछ देर बाद अंशु बर्मन और शिवम बर्मन भी वहां पहुंचे, जो कथित रूप से शराब के नशे में थे और हाथ में पाइप लिए हुए थे। डर के कारण सुरक्षा कर्मी ने गेट में ताला लगा लिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वह सुबह करीब 8:20 बजे घर जा रहे थे, तब पावर हाउस के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और पत्थर व डंडों से मारपीट की। हमले में उनके हाथ, पैर और पसलियों में चोट आई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।