akhbaar update

रामसागर तालाब में डूबे दो युवकों में एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

 



जबलपुर:  मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गोसलपुर स्थित रामसागर तालाब में डूबे दो युवकों में से एक का शव मंगलवार सुबह रेस्क्यू के दौरान बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रामसागर तालाब में सोमवार शाम गोसलपुर थाना क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में रहने वाले इरावत, अर्जुन और करण नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक 19 वर्षीय इरावत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख 21 वर्षीय अर्जुन बचाने के लिए तालाब में उतरा, लेकिन वह भी पानी की गहराई में समा गया। देखते ही देखते दोनों युवक डूब गए।

घटना के समय मौजूद तीसरे युवक करण ने दौड़कर बस्ती में परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन तालाब पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा।

मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान करीब 10 बजे अर्जुन का शव तालाब के बीच झाडिय़ों में फंसा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इरावत की तलाश अभी भी जारी है। गोताखोर लगातार तालाब में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजम, नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं संतोष बरकड़े ने भी घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update