जबलपुर - बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार शाम करीब 6 बजे गोताखोरों ने पानी से एक और शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि यह शव एक बच्चे का है। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या और बढ़ गई है।
प्रशासन और रेस्क्यू टीमों द्वारा लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार, अभी भी दो बच्चों समेत कुल 3 लोग लापता हैं, जिनकी खोज के लिए डैम क्षेत्र में सर्चिंग की जा रही है।
मौसम बना बड़ी चुनौती
शनिवार सुबह से लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और आंधी के चलते डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
खराब मौसम और लहरों के कारण रेस्क्यू टीमों को कई बार सर्चिंग रोकनी पड़ी। इसके बावजूद गोताखोर और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा।