akhbaar update

नरसिंहपुर पुलिस ने पकड़े तीन शातिर नकबजन, 28 लाख का चोरी का माल बरामद

 



नरसिंहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान और वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से जिले के दो थाना क्षेत्रों में हुई नौ चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी ने जबलपुर सहित कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।

गाडरवारा क्षेत्र की सात चोरियों का खुलासा

पुलिस ने आनंद विहार कॉलोनी में एक सूने मकान में हुई चोरी की जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू दुबे निवासी सागर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने गाडरवारा, करेली और सिहोरा क्षेत्र में कई चोरियां करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। इसमें सोने के कंगन, हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठियां, चांदी की पायल और करीब 200 अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस ने गाडरवारा क्षेत्र से लगभग 17 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

मंदिर और सूने मकान की चोरी भी खुली

पुलिस ने बरमानकला के हनुमान मंदिर और ग्राम लोलरी के सूने मकान में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया है। मामले में सुंदर जाटव और टीकाराम चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों की निशानदेही पर चांदी का छत्र, मुकुट, सोने-चांदी के जेवर और चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

कई जिलों में दर्ज हैं मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुंदर जाटव के खिलाफ नरसिंहपुर के अलावा जबलपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में भी नकबजनी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update