जबलपुर - नगर निगम शहर की व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। ईद पर्व और आगामी मानसून को देखते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सुबह अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में निगमायुक्त ने साफ निर्देश दिए कि आम जनता से जुड़े सभी कार्य समय सीमा में पूरे किए जाएं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साफ-सफाई और पानी व्यवस्था पर जोर
बैठक में शहर की साफ-सफाई, फॉगिंग, कचरा प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही बदलते मौसम को देखते हुए शहर में सफाई व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
सरकारी योजनाओं की समीक्षा
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी और छोटे दुकानदारों को दिए जा रहे लोन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
निगमायुक्त ने अधिकारियों को जनता की शिकायतों का तेजी से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एल-1 स्तर पर ही समस्याओं का संतोषजनक निराकरण किया जाए।
ईद पर्व पर विशेष व्यवस्था
ईद पर्व को देखते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर में साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करने को कहा।