जबलपुर/मंडला। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मंडला सर्किल अंतर्गत महाराजपुर डीसी में एक गंभीर हादसा सामने आया है। 2 मई की शाम करीब 7 बजे फाल्ट सुधार कार्य के दौरान आउटसोर्स कर्मी जगन्नाथ परस्ते बुरी तरह झुलस गए। घटना उस समय हुई जब वे 11 केवी लाइन पर जंपर लगाने का काम कर रहे थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार्य के दौरान अचानक स्पार्क हुआ, जिससे उनके कपड़ों में आग लग गई। आग की चपेट में आने के बाद वे लगभग 10 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनके पैर, पेट और पीठ पर गंभीर जलन की चोटें आई हैं।
इस घटना के बाद तकनीकी लापरवाही के सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि संबंधित लाइन को पहले ही परमिट लेकर बंद कराया गया था, फिर अचानक बिजली चालू कैसे हो गई। इसे गंभीर चूक बताते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, इस हादसे के बाद कर्मचारियों में आक्रोश है। संघ ने घायल कर्मी के इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।