akhbaar update

खंडवा में LPG गैस लीकेज से मचा हड़कंप, 3 घंटे बाद हालात काबू में

 


खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन के आउटर पर रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एलपीजी गैस से भरी मालगाड़ी के एक वैगन से गैस लीकेज होने लगा। यह ट्रेन महाराष्ट्र के पनवेल से जबलपुर की ओर जा रही थी। घटना रात करीब 9:30 बजे सामने आई, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और तुरंत रेल यातायात रोक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में कुल 32 वैगन थे, जिनमें गैस भरी हुई थी। स्टेशन के आउटर पर स्टाफ बदलने के दौरान नई टीम को तेज बदबू महसूस हुई। इसके बाद तुरंत जांच की गई, जिसमें एक वैगन से गैस रिसाव का पता चला।

सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी मनोज कुमार राय मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के लिहाज से तुरंत कार्रवाई करते हुए लीकेज वाले वैगन को बाकी 31 वैगन से अलग कर दूर खड़ा किया गया। खतरे को कम करने के लिए वैगन को गीली बोरियों और रेत से ढंक दिया गया।

इस पूरी प्रक्रिया में करीब 3 घंटे का समय लगा। साथ ही पीथमपुर से तकनीकी टीम को भी बुलाया गया। बाकी 31 वैगन वाली ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।

इस घटना के चलते राजधानी और मंगला एक्सप्रेस सहित कुल 6 ट्रेनें प्रभावित रहीं। हालांकि हालात सामान्य होने के बाद रात करीब 12:30 बजे से ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया।

प्रशासन की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update