akhbaar update

ओंकारेश्वर में 17 से 21 अप्रैल तक ‘एकात्म पर्व’, संत-विद्वानों का होगा संगम

 


खंडवा/ओंकारेश्वर। आदि गुरु शंकराचार्य के प्रकटोत्सव के अवसर पर मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर में 17 से 21 अप्रैल तक भव्य ‘एकात्म पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम मांधाता पर्वत स्थित एकात्म धाम में होगा, जिसमें देशभर के संत, विद्वान और कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

कार्यक्रम की शुरुआत 17 अप्रैल को द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती के सान्निध्य में होगी। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। वहीं 21 अप्रैल को समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भाग लेंगे।

विभिन्न विषयों पर होगी चर्चा

महोत्सव के दौरान ‘अद्वैतामृतम्’ श्रृंखला के तहत अलग-अलग विषयों पर चर्चा की जाएगी। 17 अप्रैल को ‘अद्वैत और नई पीढ़ी’ पर संवाद होगा। 18 अप्रैल को धर्म, पर्यावरण और समाज से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे जाएंगे। 19 अप्रैल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक शांति और ‘एक भारत’ जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। 20 अप्रैल को वेदांत और उसके आधुनिक महत्व पर चर्चा होगी।

हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस आयोजन में हर दिन शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोक कला के जरिए भारत की विविधता देखने को मिलेगी।

700 से ज्यादा युवा बनेंगे ‘शंकरदूत’

21 अप्रैल को नर्मदा तट पर होने वाले कार्यक्रम में 700 से अधिक युवाओं को ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षित किया जाएगा।

यह आयोजन ओंकारेश्वर को एक बड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update