जबलपुर। भेड़ाघाट क्षेत्र में एक दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। धनवंतरी नगर निवासी विपिन तंतुवाय ने तेवर निवासी आशीष शुक्ला और शराब कारोबारी आशीष शिवहरे पर फर्जी किरायानामा बनाकर कब्जा करने, धोखाधड़ी और लूटपाट के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
लिखित शिकायत में विपिन तंतुवाय ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को उन्होंने “न्यू फौजी ढाबा” के लिए 11 महीने का किरायानामा कराया था। इस दौरान आरोपियों ने उनसे 30 हजार रुपये एडवांस और करीब 1.20 लाख रुपये किराया लिया। लेकिन बाद में एग्रीमेंट तोड़कर उसी दुकान को किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि 20 अप्रैल 2026 को उनकी गैरमौजूदगी में आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ ढाबे में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान लूट लिया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब आशीष शुक्ला के चाचा विनोद कुमार शुक्ला सामने आए। उन्होंने दावा किया कि संबंधित दुकान उनके नाम पर है। उनका आरोप है कि उनके भतीजे ने उनकी जानकारी के बिना फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर दुकान किराए पर दे दी। साथ ही अब उसी दुकान को दूसरे व्यक्ति को भी देने की कोशिश की जा रही है।
विनोद शुक्ला ने बताया कि इस संबंध में तहसील कोर्ट में शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।