akhbaar update

दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग: बाइक सवार बदमाशों ने वृद्धा को बनाया निशाना

 


जबलपुर। गढ़ा के संजीवनी नगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक वृद्धा के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार त्रिमूर्ति नगर गोहलपुर निवासी 67 वर्षीय अलका चौधरी जैन अपनी समधिन सुधा जैन के साथ वत्सला पैराडाइज, विजय नगर से ई-रिक्शा में सवार होकर संजीवनी नगर स्थित अपने रिश्तेदार डॉक्टर मनोज जैन के घर जा रही थीं। सुबह करीब 9 बजे जैसे ही ई-रिक्शा संजीवनी नगर कॉलोनी के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार दो युवक पीछे से आए।

इनमें से एक बदमाश ने अचानक वृद्धा के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। अलका चौधरी ने विरोध करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने झटका देकर चेन छीन ली और उन्हें धक्का देकर अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। इस दौरान वृद्धा के गले में खरोंच भी आ गई।

घटना के बाद दोनों महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

पीड़िता ने थाना संजीवनी नगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक बदमाश हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update