akhbaar update

जबलपुर में हेलमेट अभियान तेज, 149 वाहन चालकों पर कार्रवाई

 


जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न पहनने को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशभर में 26 अप्रैल से 10 मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत जबलपुर पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पीओएस मशीन के माध्यम से चालानी कार्रवाई तेज की गई है, साथ ही नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को भी भेजे जा रहे हैं।

इसी क्रम में 27 अप्रैल को जसूजा सिटी, महाराजपुर फॉरेस्ट नाका और पाटन बायपास पर चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट चल रहे 149 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 129 और 194(घ) के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 44,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 56 चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए भी भेजे गए हैं।

पुलिस ने केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी जोर दिया। तीन पत्ती चौराहा और छोटी लाइन फाटक पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने की समझाइश दी गई। इसके अलावा गढ़ा क्षेत्र के रानी दुर्गावती शासकीय कन्या स्कूल में छात्राओं को यातायात नियमों और हेलमेट की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update