जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बुजुर्ग द्वारा तालाब में कूदकर जान देने की कोशिश का मामला सामने आया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से उनकी जान बच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय विमल जैन अचानक हनुमानताल स्थित तालाब में कूद गए। घटना देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव शुरू किया। इसी दौरान दिलीप चक्रवर्ती नाम के युवक ने हिम्मत दिखाते हुए तालाब में छलांग लगाई और बेहोशी की हालत में बुजुर्ग को बाहर निकाल लिया।
बाद में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उनकी जान बचा ली। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं।
बताया जा रहा है कि विमल जैन कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से बीमारी से परेशान थे। इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। वे बिना किसी को बताए घर से निकले थे और जैन मंदिर के पास तालाब में कूद गए।