कटनी। अस्पताल परिसर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मरीज की पत्नी से एम्बुलेंस साफ कराने के आरोप में संबंधित एजेंसी ने एम्बुलेंस के पायलट और ईएमटी को सेवा से हटा दिया है।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार की है, जब उमरिया-बरही रोड पर खितौली के पास सड़क हादसे में घायल राहुल बर्मन को पहले बरही अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। गंभीर चोट के कारण रास्ते में मरीज को उल्टी हो गई थी, जिससे एम्बुलेंस गंदी हो गई।
आरोप है कि जिला अस्पताल पहुंचने पर एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी मोहित खटीक ने मरीज की पत्नी पर सफाई करने का दबाव बनाया। मजबूरी में महिला को खुद एम्बुलेंस में पानी डालकर सफाई करनी पड़ी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कंपनी ने पायलट देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक को तुरंत नौकरी से निकाल दिया।
सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने कहा कि इस तरह की लापरवाही और अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।