छिंदवाड़ा। उमरेठ क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार रजीत उईके (24), रवि उईके (22) और अमित उईके (20) शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे उमरेठ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक भारी वाहन को साइड देने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और अपने बेटों को देखकर बिलख पड़े। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।