जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में चोरी का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक को एसी का वायर चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पकड़े जाने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर हमला करने और जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायतकर्ता आशीष कोटवानी (38) ने बताया कि 20 अप्रैल की शाम करीब 4:15 बजे वे अपने ऑफिस में काम कर रहे थे। उनके साथ उनका बेटा भी मौजूद था। इसी दौरान ऑफिस के पीछे वाली गली से कुछ आवाज आई। जब वे बाहर जाकर देखने लगे, तो एक युवक एसी के ब्लोअर का कवर और वायर निकालकर भाग रहा था, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।
आशीष और उनके बेटे ने तुरंत आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस पर युवक ने चाकू निकाल लिया और गाली-गलौज करते हुए डराने लगा। उसने चाकू से हमला करने की भी कोशिश की, लेकिन दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ अरोरा बताया, जो विक्टोरिया अस्पताल के पास रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है।
आरोपी को पकड़ने के बाद पीड़ित उसे सीधे थाने लेकर पहुंचे। इस दौरान आरोपी ने धमकी दी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट की गई तो वह जान से मार देगा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।