जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की और मोबाइल व सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित पीयूष सिंह राजपूत (20) ने बताया कि वह एक ज्वेलरी दुकान में काम करता है। 22 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह एक्टिवा से बिरयानी लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह पाट बाबा रोड स्थित जीसीएफ गार्ड चौकी के पास पहुंचा, तभी सफेद एक्टिवा पर सवार दो युवक उसके पास आए और रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने उससे मोबाइल और सोने की चेन मांगी। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने उसका हाथ मरोड़ दिया, जबकि दूसरे ने उसके मुंह पर मुक्का मारा।
इसके बाद बदमाश उसके गले से करीब 2.5 ग्राम की सोने की चेन और रियलमी कंपनी का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। हमले में युवक को सिर और नाक में चोट आई है।