जबलपुर - बरगी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सालीबाड़ा गांव में नहर में नहाने गई एक ही परिवार की तीन नाबालिग लड़कियां डूब गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पांच लड़कियां नहर में नहाने उतरी थीं। इसी दौरान तीन लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं, जबकि दो अन्य किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आईं। लापता लड़कियों की पहचान शीतल पटेल (16), तनु पटेल (14) और सानिया पटेल (14) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। पिछले तीन घंटे से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक तीनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
बताया जा रहा है कि गांव में शादी समारोह था, जिसमें शामिल होने के लिए दो लड़कियां जबलपुर से आई थीं, जबकि बाकी स्थानीय थीं। शादी की खुशियां इस हादसे के बाद गम में बदल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर किनारे मौजूद लोगों ने लड़कियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।