जबलपुर। स्मार्ट सिटी परियोजना के एक अधिकारी द्वारा सिख युवती के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद शहर में विवाद की स्थिति बन गई। घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है, जब अधिकारी ने कार्यालय में युवती के साथ सार्वजनिक रूप से गलत व्यवहार किया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही सिख समुदाय में नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर गोरखपुर स्थित गुरुद्वारे में बैठक बुलाई गई, जिसमें समाज के कई संगठन और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में सभी ने अधिकारी के व्यवहार की कड़ी निंदा की और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। बढ़ते विरोध को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने तुरंत हस्तक्षेप किया।
मंत्री ने कमिश्नर, कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में संबंधित अधिकारी को बुलाया। इस दौरान अधिकारी ने अपने व्यवहार के लिए लिखित और मौखिक माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का भरोसा दिया।
इसके बाद मामला शांत हो गया और स्थिति नियंत्रण में आ गई।