जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब सागर से जबलपुर आ रही एक यात्री बस नगमा तिराहे के पास अनियंत्रित होकर 11 केवी हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतरकर सीधे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस एक तरफ झुक गई, जिससे अंदर बैठे यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
गनीमत यह रही कि टक्कर के बावजूद बिजली का खंभा नहीं गिरा और हाईटेंशन लाइन भी सुरक्षित रही। अगर ऐसा होता तो करंट फैलने से बड़ा हादसा हो सकता था।