जबलपुर। शहर के विकास और बेहतर सुविधाओं को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने 4 घंटे लंबी समीक्षा बैठक की। इस बैठक में लोककर्म, उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के कामों की विस्तार से समीक्षा की गई।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट है और शहर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 95 प्रतिशत सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जा चुका है और बाकी काम भी जल्द पूरा होगा।
मुक्तिधामों को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए जल्द टेंडर जारी किए जाएंगे। यहां लाइटिंग, पौधारोपण, फाउंटेन और अन्य सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। साथ ही शहर के प्रवेश द्वारों को आकर्षक बनाया जा रहा है और दो जगह 5-स्टार स्तर की चौपाटी विकसित करने की योजना है।
स्वच्छता पर जोर देते हुए महापौर ने बताया कि अगले महीने 80 नई CNG कचरा गाड़ियां शामिल की जाएंगी। रात में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए सख्त जांच भी होगी।
गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। पाइपलाइन, बोरिंग और टंकियों को समय पर भरने की बात कही गई है। वहीं बारिश के समय जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई और विस्तार के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने साफ कहा कि नालों पर बने अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। साथ ही सभी विकास कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में निगमाध्यक्ष, एमआईसी सदस्य और सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।