जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे न देने पर एक महिला पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय आकांक्षा केवट ने शिकायत दर्ज कराई कि 27 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे उसका जेठ संजू केवट घर आया और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। जब महिला ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ की उंगलियों में चोट आ गई और खून निकलने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।