जबलपुर - सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जीआरपी एसपी ऑफिस के सामने स्थित जीआरपी की खंडहरनुमा बिल्डिंग की छत पर एक अज्ञात शव मिला। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
5-6 दिन पुराना शव होने की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव किसी पुरुष का है, जो करीब 5 से 6 दिन पुराना बताया जा रहा है। हालत खराब होने के कारण अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक (एफएसएल) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पहचान के लिए जांच जारी
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला प्राकृतिक मौत का है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अपराध जुड़ा है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।