जबलपुर - शहपुरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 07 में डीजे की तेज आवाज को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार, आदर्श ठाकुर और उनके पिता ने पड़ोस में चल रहे कार्यक्रम में डीजे की आवाज कम करने का अनुरोध किया था, क्योंकि घर में पढ़ाई कर रहे छात्र को परेशानी हो रही थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे हेमंत गौड़ के घर हल्दी कार्यक्रम चल रहा था, जहां डीजे ऑपरेटर तेज आवाज में संगीत बजा रहा था। जब आदर्श और उनके पिता ने आपत्ति जताई, तो पड़ोसी भड़क गए और उन्हें बाहर आने की चुनौती दी। बाहर आने पर आरोपियों ने लात-घूसों से हमला कर दिया।
इस मारपीट में आदर्श ठाकुर के कंधे और पीठ पर चोट आई, वहीं उनके पिता की आंख और पसलियों में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
बीच-बचाव करने आई छात्रा से बदसलूकी
विवाद के दौरान आदर्श की बहन दीक्षा ठाकुर, जो कॉलेज की छात्रा है, अपने पिता और भाई को बचाने पहुंची। इस दौरान आरोपी सतीश गौड़ ने उसके साथ भी मारपीट की और बाल पकड़कर घसीटा, जिससे उसके कपड़े भी फट गए।
घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। बावजूद इसके परिवार ने हिम्मत दिखाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।