जबलपुर। मप्र विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन और बिजली कंपनी प्रबंधन के बीच अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा की मौजूदगी में समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में हाल ही में गोहलपुर क्षेत्र में हुई दुर्घटना में आउटसोर्स कर्मचारी रंजीत कोरी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
अधीक्षण अभियंता ने कहा कि विभाग कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और मृतक के परिवार को बीमा राशि व अन्य लाभ जल्द दिलाए जाएंगे। साथ ही परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने का भरोसा भी दिया गया।
सुरक्षा और प्रशिक्षण पर जोर
फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी.पी. पाठक ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि तकनीकी कार्य सिर्फ प्रशिक्षित कर्मचारियों से ही कराए जाएं और सुरक्षा उपकरणों का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए 20 लाख रुपये बीमा और जोखिम भत्ता देने की मांग भी रखी गई।
सब स्टेशनों में सुधार की बात
बैठक में सब स्टेशनों पर पर्याप्त स्टाफ, प्रशिक्षण और बुनियादी सुविधाएं जैसे साफ-सफाई, फर्नीचर, अग्निशमन यंत्र और पीने के पानी की व्यवस्था पर जोर दिया गया।
यह भी तय किया गया कि बिना प्रशिक्षण के किसी कर्मचारी से जोखिम भरा काम नहीं लिया जाएगा और दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।