akhbaar update

सौतेली मां ने 7 साल की मासूम की पीट-पीटकर हत्या, जांच शुरू

 


रीवा।  आमिर कोनी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सौतेली मां पर 7 वर्षीय बच्ची रागिनी साकेत की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता मनोज साकेत ने चार माह पहले दूसरी शादी की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सौतेली मां बच्चों के साथ मारपीट करती थी। बीते दिन भी रागिनी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे तेज बुखार आ गया।

पिता जब घर पहुंचे तो बच्ची की हालत गंभीर देखकर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्ची के भाई रावेंद्र साकेत और दादी गोमती साकेत ने सौतेली मां पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रागिनी के शरीर पर कई चोट के निशान थे और उसे समय पर इलाज भी नहीं मिला। यहां तक कि उसे पानी तक नहीं दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने परीक्षण किया। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update