जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के शक्ति नगर चौक, गुप्तेश्वर में देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक से आए तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घायल का नाम मनोज विश्वकर्मा है। बताया जा रहा है कि वे रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान तीन युवक बाइक से वहां पहुंचे और मनोज को रोककर उनके बेटे राजा के बारे में पूछने लगे।
जब मनोज ने कहा कि उन्हें बेटे के बारे में जानकारी नहीं है, तो बदमाशों ने गुस्से में आकर तलवार निकाल ली और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में मनोज के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और वे वहीं गिर गए।
शोर सुनकर परिवार और आसपास के लोग बाहर आए। लोगों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने कहा कि मनोज के बेटे राजा को समझा दें, नहीं तो उसे जान से मार देंगे।
घायल मनोज को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण भर्ती किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश और किसी केस में गवाही को लेकर हुआ है।