जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से बीयर की खेप पकड़ी है। इस दौरान वाहन में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि एक सफेद बोलेरो में शराब भरकर त्रिपुरी चौक से देवताल की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत देवताल क्षेत्र में रामायण मंदिर के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बताए गए नंबर की बोलेरो वहां से गुजरती दिखाई दी, जिसे रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अमन सोनी (26) और साथ बैठे युवक ने अपना नाम अर्जुन सोनी (33) बताया।
जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो पीछे की सीट पर 6 पेटी बीयर मिलीं, जिनमें कुल 72 बोतलें थीं। बरामद बीयर की कीमत करीब 46,800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तुरंत बीयर और वाहन दोनों को जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह शराब त्रिपुरी स्थित एक दुकान से ली थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अब पुलिस इस मामले में शराब दुकान के संचालकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध रूप से शराब कैसे बाहर भेजी जा रही थी।