जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम नुनसर में शुक्रवार शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में 26 वर्षीय युवक मनीष चढार की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
शराब के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मनीष अपने परिचित अभिषेक, विवेक और कान्हा के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि तीनों युवकों ने गुस्से में आकर मनीष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर और चौकी प्रभारी विपिन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है।
तीनों आरोपी फरार
पुलिस ने अभिषेक, विवेक और कान्हा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद ग्राम नुनसर में दहशत का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।