akhbaar update

कटनी-बीना मेमू ट्रेन में बवाल, अवैध वेंडर्स के हमले में दो यात्री गंभीर घायल

 


जबलपुर/कटनी। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल की कटनी-बीना मेमू ट्रेन में उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध वेंडर्स और यात्रियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन कटनी से बीना के लिए रवाना हुई थी। रीठी स्टेशन के पास दमोह के यात्रियों और सलैया के कुछ अवैध वेंडर्स के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि वेंडर्स ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे दो यात्री बुरी तरह घायल हो गए।

ट्रेन जब बकलेहटा स्टेशन पहुंची तो नाराज यात्रियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ लोग इंजन तक पहुंचने की कोशिश करने लगे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। हालात को देखते हुए लोको पायलट ने ट्रेन रोककर कंट्रोल रूम को सूचना दी।

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ, जिससे ट्रेन में बैठे यात्रियों में डर और अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलने पर रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

घायलों को डायल 112 की मदद से रीठी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update