जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार पुरानी बस्ती माढ़ोताल निवासी अभिषेक रैकवार (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह मूर्ति बनाने का काम करता है। घटना के समय वह अपने पिता लक्ष्मीनारायण और भाई अभय के साथ पनागर से हथना जा रहा था।
रास्ते में दाऊ मैरिज गार्डन के पास प्रिंस रजक, नीलेश कोल, साहिल कोल और रोहित कोल ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। जब अभिषेक और उसके परिवार ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर तीनों पर हमला कर दिया, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।