akhbaar update

महिला आरक्षण पर कांग्रेस का बड़ा बयान, बीजेपी पर साधा निशाना

 


जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रुख इस विषय पर पूरी तरह स्पष्ट है और संसद में पारित महिला आरक्षण बिल को उसी रूप में लागू किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में महिला आरक्षण लागू नहीं होता है, तो वर्ष 2029 में जब राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, तब कांग्रेस 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करेगी।

हर स्तर पर समर्थन का ऐलान

पटवारी ने कहा कि यदि मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों पर महिला आरक्षण लागू कर 2028 में चुनाव कराए जाते हैं, तो कांग्रेस इसका पूरा समर्थन करेगी। इसी तरह लोकसभा की 543 सीटों पर आरक्षण लागू होने की स्थिति में भी पार्टी समर्थन में खड़ी रहेगी।

बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी देश को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि “स्वर्णिम भारत” के दावों के बावजूद आज महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब नहीं दे रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी संसद में महिला आरक्षण को लेकर पार्टी का पक्ष स्पष्ट रूप से रख चुके हैं।

पटवारी ने दोहराया कि यदि वर्तमान सरकार महिला आरक्षण लागू करती है तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी, अन्यथा सत्ता में आने पर कांग्रेस इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update