जबलपुर - बरेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सालिवाड़ा में एक चाय की दुकान पर चोरी-छिपे देशी शराब बेची जा रही है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और विलियम पाल (66 वर्ष) को पकड़ लिया। उसके पास से 114 पाउच देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह शराब महेश पटेल नाम के व्यक्ति से लेकर बेचता था, जो अभी फरार है।
इसके अलावा बरेला क्षेत्र में ही हाईवे के पास एक और कार्रवाई की गई। यहां पुलिस ने हिमांशु सोनी (20 वर्ष) को पकड़ा, जो अपने जुपिटर वाहन में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा था। उसके पास से 48 पाउच और 5 बोतल शराब बरामद हुई।
दोनों मामलों में बरेला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।