जबलपुर/नरसिंहपुर। दानापुर से बेंगलुरु जा रही संगमित्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में शनिवार (11 अप्रैल) सुबह एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। 51 वर्षीय दिलीप शाह को सफर के दौरान सीने में तेज दर्द उठा, जिससे ट्रेन में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने तुरंत ट्रेन कंडक्टर को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे कंट्रोल को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही नरसिंहपुर और जबलपुर के रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचते ही रेलवे के डॉक्टर डॉ. आर.आर. कुर्रे ने यात्री की जांच कर प्राथमिक उपचार दिया। समय पर इलाज मिलने से यात्री की हालत में सुधार हो गया।
डॉक्टर द्वारा आवश्यक दवाइयां देने के बाद दिलीप शाह को आगे की यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी गई। रेलवे प्रशासन की तत्परता से समय पर इलाज मिल सका और एक बड़ी अनहोनी टल गई।