जबलपुर। तिलवारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास से 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से 7 किलो 206 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
संदेह पर की गई कार्रवाई
गश्त के दौरान पुलिस टीम को गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास एक चाय ठेले के पास कुछ संदिग्ध लोग नजर आए। उनके पास पिट्ठू बैग और हैंडबैग थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जब बैग की तलाशी ली गई, तो टेप से पैक गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में भुवनेश्वर कुम्भार (29), फगनु मांझी (27), सुनप हरिजन (29) शामिल हैं। वहीं महिलाओं में काजल मांझी (30), तपसनी दिगाल (35) और मनिनी दिगाल (25) को पकड़ा गया है। सभी आरोपी उड़ीसा के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।
जबलपुर में सप्लाई करने आए थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर जबलपुर आए थे और इसे स्थानीय निवासी पीयूष कुशवाहा को बेचने वाले थे। तस्कर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर गांजा लाते थे, ताकि शक न हो।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ तिलवारा थाने में धारा 8, 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।