जबलपुर। बेलबाग क्षेत्र के भानतलैया स्थित मयूर कला मूर्तिकार के सामने बिजली के खंभे के नीचे चल रहे जुआंफड़ पर पुलिस ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई और कई लोग आसपास के घरों में घुसकर छिपने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़कर बाहर निकाला।
पुलिस ने मौके से 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 लाख 6 हजार रुपए नगद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस के अनुसार, मयूर कला मूर्तिकार के पास लंबे समय से खुले में जुआंफड़ संचालित हो रहा था। बीती रात भी यहां ताश के पत्तों पर लाखों रुपए के दांव लगाए जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
जवाहर अहिरवार (53) निवासी पंडाखेड़ा पनागर, विक्की उर्फ कृष्ण कुमार पटवा (35) निवासी कांचघर घमापुर, सोहेल अख्तर (49) निवासी मक्कानगर हनुमानताल, सुशील राय (36) निवासी त्रिमूर्तिनगर गोहलपुर, प्रिंस रैकवार (18) निवासी खाई मोहल्ला हनुमानताल, बालचंद जैन (48) निवासी जैन मंदिर के पास हनुमानताल, बेड़ीलाल अहिरवार (48) निवासी हाउसिंग बोर्ड महाराजपुर अधारताल, रितेश साहू (32) निवासी अन्ना मोहल्ला शारदा चौक गढ़ा, राजा गुप्ता (24) निवासी प्रेमसागर चौकी के पास हनुमानताल और रोहित चौधरी (22) निवासी चौधरी मोहल्ला बेलबाग को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घमापुर एसआई दिनेश गौतम, बेलबाग थाना के एसआई विजय धुर्वे, प्रधान आरक्षक सुरेश मिश्रा, मुकेश धुर्वे सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।