जबलपुर। स्टेट बार काउंसिल ऑफ मध्य प्रदेश के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया अब पूरी हो गई है। जबलपुर के मुख्य केंद्र पर अंतिम दिन काफी हलचल रही, जहां 41 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। इसके साथ ही अब कुल उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 148 हो गई है।
इस चुनाव में कुल 23 पदों के लिए मतदान होगा, जिसमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन किया जाएगा। आखिरी दिन हाईकोर्ट बार के सचिव परितोष त्रिवेदी सहित आशीष त्रिवेदी, शैलेंद्र वर्मा, विनायक प्रसाद शाह और कन्हैयालाल यादव जैसे प्रमुख उम्मीदवारों ने भी पर्चे दाखिल किए।
अब सभी उम्मीदवार मतदाता अधिवक्ताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जनसंपर्क में जुट गए हैं।
15-16 अप्रैल को जांच, 22 को अंतिम सूची
अब अगला चरण नामांकन पत्रों की जांच का है, जो 15 और 16 अप्रैल को होगी। इसके बाद 17 अप्रैल को योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। नाम वापस लेने के लिए 20 से 22 अप्रैल तक का समय दिया गया है। 22 अप्रैल शाम 5 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
12 मई को मतदान
मतदान 12 मई को होगा। सभी उम्मीदवार अभी से जोर-शोर से प्रचार में लगे हैं और प्रदेशभर के वकीलों से संपर्क कर रहे हैं। 1 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी हो चुकी है, जिसमें अब कोई बदलाव नहीं होगा।
अधिवक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने पहचान पत्र जिला अधिवक्ता संघ से प्राप्त कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी न हो। चुनाव नजदीक आते ही कानूनी क्षेत्र में गतिविधियां तेज हो गई हैं।