जबलपुर - राइट टाउन इलाके में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता-पुत्र को वीरेंद्र प्रजापति उर्फ सोनू नाम के शातिर ठग ने अपनी बातों में फंसाकर करीब 60 लाख रुपये की चपत लगा दी।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले आरोपी उनके कार्यालय पहुंचा और खुद को बेहद गरीब बताकर सहानुभूति हासिल की। भरोसा जमाने के बाद उसने अपने गांव में ‘गड़ा धन’ यानी सोना मिलने की कहानी सुनाई।
असली सिक्के से जीता भरोसा, फिर रचा खेल
आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए पिता-पुत्र को सोने का एक सिक्का दिया, जो जांच में असली निकला। इसके बाद उसने बताया कि उसके पास 5 किलो सोना है और वह इसे बेचना चाहता है। 15 लाख रुपये प्रति किलो के हिसाब से सौदा तय हुआ। इस दौरान उसने रमादेवी, पन्नालाल और धर्मेंद्र को अपने माता-पिता और भाई बताकर शामिल किया, ताकि शक न हो।
नकली ईंटें देकर 60 लाख ऐंठे
ठगों ने पहले धातु की ईंटें देकर 50 लाख रुपये नकद ले लिए। फिर 1 अप्रैल को दोबारा संपर्क कर 10 लाख रुपये और ऐंठ लिए। कुल 60 लाख रुपये देने के बाद जब पिता-पुत्र ने ‘सोने’ की जांच कराई, तो पता चला कि वह असली सोना नहीं बल्कि पीतल था।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की तलाश जारी
ठगी का खुलासा होते ही पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर क्राइम ब्रांच ने वीरेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पूरा फर्जी परिवार बनाकर यह साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।