जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। भाटिया पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के नीचे फंस गया।
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और युवक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मर्ग कायम कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।