जबलपुर। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और खराब होती यातायात व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से को कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में अपर आयुक्त द्वारा आदेश जारी किए गए हैं, जिससे निगम के अधिकारियों में हलचल मच गई है।
जारी आदेश के अनुसार, पिछले चार महीनों से शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। खासकर लेफ्ट टर्न और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने में गंभीर लापरवाही सामने आई। इसका असर शहर में चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण पर भी पड़ रहा था।
प्रशासन ने इसे शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान मनीष तड़से का मुख्यालय नगर निगम ही रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
वहीं, अतिक्रमण प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार अब संभागीय यंत्री कृष्ण पाल सिंह रावत को सौंपा गया है। यह आदेश आयुक्त की मंजूरी के बाद 24 अप्रैल को जारी किया गया।