जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जबलपुर दौरे के दौरान एक पुलिस अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठ गया। सर्किट हाउस से एयरपोर्ट रवाना होते समय सीएम ने काफिला रुकवाकर मौके पर ही एएसपी स्तर के अधिकारी की बॉडी लैंग्वेज पर नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिस अधिकारी कमर पर हाथ रखकर खड़े थे, जो मुख्यमंत्री को अनुचित लगा। इस पर उन्होंने तुरंत कलेक्टर और एसपी को मौके पर बुलाकर चर्चा की और अधिकारी के व्यवहार पर आपत्ति दर्ज कराई।
सीएम ने स्पष्ट संकेत दिए कि ड्यूटी के दौरान अधिकारियों का आचरण अनुशासित और मर्यादित होना चाहिए। इस घटना की जानकारी भोपाल तक पहुंच गई है और वरिष्ठ स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान सर्किट हाउस में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की थी। हालांकि, इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल देखी जा रही है।